पीए की हत्या पर भड़के शुभेंदु अधिकारी, बोले- ‘15 साल के महा-जंगलराज का नतीजा’

कोलकाता, 07 मई 2026। पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद भड़की हिंसा के बीच शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। भाजपा नेता ने इस घटना को “पूरी तरह सुनियोजित हत्या” बताते हुए तीखा हमला बोला है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह वारदात पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। उनके अनुसार, पुलिस महानिदेशक ने भी प्रारंभिक जांच में इसे “प्री-प्लान्ड मर्डर” माना है। उन्होंने दावा किया कि हत्या से पहले दो-तीन दिनों तक इलाके की रेकी की गई थी, जिसके बाद हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है और उनके पास इसकी निंदा के लिए शब्द नहीं हैं। भाजपा नेतृत्व को मामले की पूरी जानकारी दे दी गई है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मृतक के परिवार और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है, जबकि कई भाजपा विधायक और नेता घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह “15 साल के महा-जंगलराज” का परिणाम है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि भाजपा अब राज्य में “गुंडों का सफाया” करने का अभियान शुरू करेगी।

बुधवार रात मध्यग्राम के दोहारिया इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ पर हमला किया था। बताया जा रहा है कि 4-5 बाइक पर पहुंचे हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चंद्रनाथ लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी की टीम के करीबी सहयोगी माने जाते थे।

चुनाव परिणामों के बाद पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक हिंसा से जुड़े करीब 200 मामले दर्ज किए गए हैं। 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1,100 से अधिक लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *