लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी में 6 पार्षद निर्विरोध चुने गए, भाजपा के 5 पार्षद, सपा ने सुबह प्रत्याशी बदलकर महिला को उतारा

लखनऊ,22 जून 2026 (यूएनएस)। लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी समिति में सोमवार को 6 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इसमें 5 पार्षद भाजपा के चुने गए हैं और सपा की एक पार्षद शामिल है। सपा के वरिष्ठ पार्षद यायावर हुसैन रेशू को तय माना जा रहा था लेकिन सुबह नाम ममता रावत का भेज दिया गया। 2 वर्षीय कार्यकाल वाली इस कार्यसमिति के 6 सदस्यों का इसी महीने कार्यकाल समाप्त हुआ था।

कार्यकारिणी समिति के चुनाव के लिए लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में सुबह 11 बजे विशेष अधिवेशन बुलाया गया था। भाजपा ने 5 पार्षदों के नाम घोषित किए थे। दूसरी पार्टियों ने एक भी नाम नहीं भेजे थे।

भाजपा के 5 पार्षद, सपा ने सुबह प्रत्याशी बदलकर महिला को उतारा

समाजवादी पार्टी ने 1 नाम देने के लिए रातभर मंथन किया। लगभग तय था कि यायावर हुसैन रेशू का नाम भेजा जाएगा। लेकिन, चुनाव से कुछ घंटे पहले विपक्षी दल के नेता कामरान बेग ने ममता का नाम दे दिया।

पुराने सदस्य जिनका अभी कार्यकाल चल रहा है, उनमें भाजपा के अरुण राय, पृथ्वी गुप्ता, पिंकी रावत, राजेश सिंह गब्बर, संदीप शर्मा और सपा के रामनरेश चौरसिया शामिल हैं। इस साल 1 जून को 6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो गया था। उनमें भाजपा के भृगुनाथ शुक्ला, अनुराग मिश्रा, गौरी सांवरिया, कृष्ण नरायन सिंह, चरनजीत गांधी और सपा की सबा हसन मंसूरी शामिल थीं।

चरनजीत सिंह गांधी अभी तक नगर निगम की उपाध्यक्ष थीं। उनको पिछले साल उपाध्यक्ष चुना गया था। उनका कार्यकारिणी से कार्यकाल खत्म होने के बाद भाजपा के सुशील तिवारी पम्मी को उपाध्यक्ष के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, जानकारों का मानना है कि सपा ने कार्यकारिणी को महिला कैंडिडेट देकर महिला उपाध्यक्ष को लेकर संदेश दिया है। सपा की ओर से पहले जगदीश चंद्र बोस वार्ड से लगातार 6 बार जीत दर्ज करने वाले पार्षद यायावर हुसैन रेशू को प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना देर रात तक थी, लेकिन सुबह सदन में अचानक पहली बार भरवारा मल्हौर वार्ड से पार्षद बनी ममता रावत को टिकट दे दिया गया। टिकट देने की जानकारी महापौर को ममता रावत ने दल के नेता कामरान बेग से फोन पर बात कराकर दी।

चुनाव के दौरान सपा पार्षद दल के नेता कामरान बेग सदन में मौजूद नहीं रहे। सुशील तिवारी पम्मी ने कहा संगठन ने हम लोगों पर विश्वास दिखाकर कार्यकारिणी में भेजा है। अब निश्चित रूप से कार्ययोजना बनाकर लखनऊ के लिए काम करेंगे। इस बार स्वच्छता में लखनऊ पहले नंबर पर होगा। हम लोग गोमती नदी पर विशेष ध्यान देंगे। उसे स्वच्छ और निर्मल बनाएंगे। हमारे यहां कार्यकारिणी के सदस्यों के नाम पर मंथन करके संगठन देता है, उसके बाद कोई कुछ नहीं बोलता। हर तरह से जातियों का समावेश करके नामों की घोषणा की गई थी।

ऐसा नहीं था कि और भी नाम प्रस्ताव में नहीं थे। नाम थे लेकिन मंथन करने के बाद जिन नामों पर निर्णय आ गया, वही फाइनल होते हैं। भाजपा के राजीव बाजपेई ने कहा किसी भी पार्षद या आमजन की कोई शिकायत दिखती है या स्वतः संज्ञान में आती है तो मैं त्वरित कार्रवाई करूंगा। मैं अभी तक पार्षद मात्र था, अब पूरे लखनऊ के लिए चुना गया हूं तो पूरे लखनऊ के लिए काम करना है।

कार्यकारिणी की बैठक में मैं हर वार्ड की समस्या उठाऊंगा और सदन के अंदर अपने वार्ड की समस्या की बात रखूंगा। लखनऊ को स्वच्छता और हरा-भरा रखने के लिए क्या किया जा सकता है, इस पर काम करूंगा। चुनाव होता तो चुनाव का भी मुकाबला किया जाता। यह सौभाग्य है कि सदस्यों ने हमें इस योग्य समझा कि हम निर्विरोध हो सकते हैं। राठौर ने कहा भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है।

हमारे मुखिया सांसदजी (राजनाथ सिंह) और महानगर अध्यक्ष (आनंद द्विवेदी) हैं। वे जिस कार्यकर्ता को उचित समझते हैं, उसे जिम्मेदारी दे देते हैं। कल ही मुझे बताया गया और आज कार्यकारिणी का सदस्य निर्विरोध चुना गया। अभी तक अपने वार्ड में कार्य कर रहा था। अब शक्ति मिलेगी तो पूरे लखनऊ के लिए कार्य करेंगे। कार्यकारिणी समिति नगर निगम के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली प्रमुख इकाई है। यदि आज के चुनाव में पदों की संख्या से ज्यादा प्रत्याशी होते तो मतदान कराया जाता। इस स्थिति में महापौर, 110 निर्वाचित पार्षद और 20 पदेन सदस्य वोट डालते।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *