अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री ने देश के साथ विश्वासघात किया : राहुल गांधी

तिरुवनंतपुरम, 7 मार्च : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर देश के साथ “विश्वासघात” किया है। उन्होंने दावा किया कि इस समझौते से भारत के किसानों और छोटे कारोबारियों को नुकसान होगा।

गांधी यह बात केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन के नेतृत्व में आयोजित राज्यव्यापी ‘पुथुयुग यात्रा’ के समापन समारोह के दौरान कही।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने देश को निराश किया है। उन्होंने अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर कर भारत के साथ विश्वासघात किया है।” गांधी ने दावा किया कि इस समझौते के परिणाम आम लोगों, खासकर किसानों और छोटे व्यवसायियों को भुगतने पड़ेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने भारतीय कृषि क्षेत्र को अमेरिकी कृषि के लिए नहीं खोला था। उनके अनुसार अब बड़ी और मशीनीकृत अमेरिकी कंपनियां छोटे भारतीय किसानों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी, जिससे देश के कृषि क्षेत्र में संकट पैदा हो सकता है।

गांधी ने ऊर्जा क्षेत्र में हुए समझौते का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारों पर काम करते हैं।

अपने संबोधन के दौरान गांधी ने भारतीय क्रिकेटर संजू सैमसन का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज तिरुवनंतपुरम के रहने वाले हैं।

केरल विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत कांग्रेस द्वारा 30 दिन पहले शुरू की गई ‘पुथुयुग यात्रा’ राज्य के सभी जिलों से होकर गुजरी। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, जिनमें सचिन पायलट और दीपा दासमुंशी भी शामिल हैं।

इस अवसर पर वी डी सतीशन ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इस यात्रा के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ एक “आरोपपत्र” पेश किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में यूडीएफ सत्ता में वापसी करेगा और 100 से अधिक सीटें जीतेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *