रुपया 53 पैसे टूटकर 92.35 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर

मुंबई, 9 मार्च । पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच सोमवार को भारतीय मुद्रा में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 53 पैसे टूटकर 92.35 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी के कारण रुपये पर दबाव बना रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.22 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में थोड़ी मजबूती दिखाते हुए 92.15 तक पहुंच गया। हालांकि बाद में लगातार गिरावट के बीच यह अंततः 92.35 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 18 पैसे टूटकर 91.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

ब्रोकरेज फर्म मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर वैश्विक बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आई तेज बढ़ोतरी के कारण रुपये में भारी गिरावट देखी गई। उन्होंने बताया कि एशियाई कारोबार के दौरान तेल की कीमतों में लगभग 25 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया, जबकि डॉलर की मजबूती और विदेशी निवेशकों की निकासी ने भी रुपये को कमजोर किया।

चौधरी के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण निकट भविष्य में रुपये पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, यदि भारतीय रिजर्व बैंक बाजार में हस्तक्षेप करता है तो रुपये को निचले स्तरों पर कुछ सहारा मिल सकता है। उनका अनुमान है कि डॉलर-रुपया विनिमय दर निकट अवधि में 92 से 92.80 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत वायदा कारोबार में 15.18 प्रतिशत बढ़कर 106.8 डॉलर प्रति बैरल हो गई। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण तेल बाजार में तेज उछाल आया है।

दूसरी ओर दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.33 पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट का रुख रहा। बीएसई सेंसेक्स 1,352.74 अंक गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 422.40 अंक टूटकर 24,028.05 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 6,030.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *