प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत

लखनऊ। मुलायम सिंह यादव के पुत्र और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार तड़के निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक यादव के शव का पोस्टमार्टम किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उनकी मृत्यु कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स यानी हृदय और श्वसन तंत्र के अचानक फेल होने तथा अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण हुई। चिकित्सकीय रिपोर्ट में फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने की पुष्टि हुई है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं और प्रारंभिक जांच में मौत जहर से होने की बात भी सामने नहीं आई है। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। इस दौरान प्रतीक यादव के साले अमन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।

प्रतीक यादव की पत्नी तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव पति के निधन की सूचना मिलने के बाद दिल्ली से लखनऊ पहुंच गईं। बताया गया कि वह सोमनाथ मंदिर दर्शन के बाद दिल्ली में रुकी हुई थीं। सूचना मिलते ही वह तत्काल लखनऊ रवाना हो गईं।

अरविंद सिंह बिष्ट और अमन सिंह बिष्ट अस्पताल से प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर लेकर विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पहुंचे, जहां अंतिम दर्शन के लिए शव रखा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के कैंट क्षेत्र स्थित पिपरा घाट पर किया जाएगा। इसी घाट पर उनकी माता साधना गुप्ता का भी अंतिम संस्कार हुआ था।

प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर जिम और रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। हाल ही में वह मुंबई से उपचार कराकर लौटे थे और तीन दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। उन्हें मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सांस फूलने तथा फेफड़ों में खून जमने की शिकायत थी।

इस बीच योगी आदित्यनाथ ने अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर प्रतीक यादव को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *