बिहार में सियासी बदलाव: नीतीश कुमार का इस्तीफा, सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री

पटना। बिहार की राजनीति में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसके बाद नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई। इसी बीच सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिससे यह साफ हो गया है कि वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे।

पटना स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव विजय कुमार सिन्हा ने रखा, जिसका समर्थन दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया। केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से चौधरी को नेता चुन लिया।

इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण समारोह आज ही आयोजित किया जाएगा।

नीतीश कुमार का इस्तीफा, नई सरकार का रास्ता साफ

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वर्ष 2005 से अब तक राजग सरकार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया और विकास के विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि—में लगातार काम किया।

नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने सभी वर्गों—हिंदू, मुस्लिम, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और महादलित—के विकास के लिए कार्य किया। उन्होंने नई सरकार को पूरा सहयोग देने का भरोसा भी जताया।

तेज हुई सियासी हलचल

इस्तीफे के तुरंत बाद पटना समेत पूरे राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। विभिन्न दलों के बीच बैठकों और नए समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेतृत्व में नई सरकार जल्द ही शपथ लेगी।

सहयोगियों की प्रतिक्रियाएं

इस बीच उपेंद्र कुशवाहा ने सम्राट चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।

बिहार की राजनीति में इस घटनाक्रम ने नई दिशा दे दी है और अब सभी की नजरें नई सरकार के गठन और उसके भविष्य के फैसलों पर टिकी हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *