यूजीसी नियमों के समर्थन में रेलवे ट्रैक पर उतरीं पल्लवी पटेल, ट्रेन रोकने पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ, 09 मई। पल्लवी पटेल ने शनिवार को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर करीब दो हजार समर्थकों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। यूजीसी के नए नियमों को लागू करने की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन के दौरान पल्लवी पटेल ट्रेन के इंजन पर चढ़ गईं और समर्थकों के साथ नारेबाजी करने लगीं। मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ता दोपहर करीब साढ़े बारह बजे चारबाग में एकत्र हुए थे। यहां से विधानसभा कूच की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ गए।

प्रदर्शनकारी प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतर गए और ट्रैक पर खड़े इंजन पर चढ़ने लगे। इसी दौरान पल्लवी पटेल भी इंजन पर चढ़ गईं। स्टेशन परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उन्हें बलपूर्वक हटाकर बसों से इको गार्डन भेजा गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अनिल राज कोरी ने कहा कि पहले बस रोकी थी, अब रेल रोकी है और जरूरत पड़ी तो हवाई जहाज भी रोकेंगे। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।

इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चारबाग की ओर से पल्लवी पटेल और अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ट्रेन रोकने और रेलवे संचालन बाधित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

प्रदर्शन के बाद पल्लवी पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मुकदमा हमारे लिए मेडल की तरह है।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *