लखनऊ, 06 मई 2026। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर सुषमा खर्कवाल ने बुधवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ जोन-1 क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शहर की साफ-सफाई, रोड स्वीपिंग, पार्किंग व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत इंदिरा भवन के सामने सफाई व्यवस्था के जायजे से हुई। महापौर ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।
बालाकदर रोड स्थित ओल्ड एलडीए कार्यालय के पास अवैध रूप से खड़ी क्रेनों को लेकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने इन वाहनों को तत्काल कब्जे में लेने और प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था न हो।
इसके बाद अमीनाबाद मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई और रोड स्वीपिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को नाइट स्वीपिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। कई स्थानों पर समय से कूड़ा न उठने की शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था “लखनऊ स्वच्छता अभियान” पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया और चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अमीनाबाद स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में अवैध रूप से खड़े वाहनों और रेहड़ियों को लेकर भी महापौर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर पुलिस को भेजने और अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अमीनाबाद इंटर कॉलेज में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया गया। महापौर ने सभागार और बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
महापौर ने कहा कि नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और शहर की स्वच्छता व जनसुविधाओं को सुधारने के लिए नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
