मुंबई, 9 मार्च । पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,352.74 अंक यानी 1.71 प्रतिशत गिरकर 77,566.16 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत टूटकर 24,028.05 अंक पर आ गया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 2,494.35 अंक यानी 3.16 प्रतिशत गिरकर 76,424.55 अंक तक पहुंच गया था। वहीं निफ्टी भी दिन में 752.65 अंक यानी 3.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,697.80 अंक तक फिसल गया था।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में गहराते संकट के कारण निवेशकों में घबराहट बढ़ी है। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी और डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में सबसे ज्यादा 5.23 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड के शेयर भी नुकसान में रहे।
वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर लाभ में बंद हुए।
इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 12.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 104.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिसने बाजार की चिंता और बढ़ा दी।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण भारतीय शेयर बाजार लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले और अंत में भारी नुकसान के साथ बंद हुए। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने से मुद्रास्फीति और बाहरी आर्थिक संतुलन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग नकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा, जबकि अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 6,030.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,971.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पहले शुक्रवार को भी सेंसेक्स 1,097 अंक और निफ्टी 315.45 अंक टूटकर बंद हुए थे।
