दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में लखनऊ का दम, टीम काता में स्वर्ण समेत जीते रजत और कांस्य पदक

बांग्लादेश में आयोजित 10वीं दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम काता में स्वर्ण, व्यक्तिगत काता में रजत और कुमिते में कांस्य पदक जीते। खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल संगठनों और पदाधिकारियों ने बधाई दी।

लखनऊ, 19 जुलाई। बांग्लादेश में आयोजित 10वीं कैडेट, जूनियर, अंडर-21 एवं सीनियर दक्षिण एशियाई कराटे चैंपियनशिप तथा द्वितीय अंडर-14 दक्षिण एशिया कराटे कप में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का गौरव बढ़ाया। टीम काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में रजत और कांस्य पदक भी अपने नाम किए।

15 से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड कराटे फेडरेशन (WKF), एशियन कराटे फेडरेशन (AKF) तथा बांग्लादेश कराटे फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

टीम काता में भारत को स्वर्ण

बालक जूनियर टीम काता स्पर्धा में वेदांत सिंह, यश सिंह, विवान आहूजा और तन्मय पटेल की भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी चमके खिलाड़ी

कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव जसपाल सिंह ने बताया कि श्रेष्ठ श्रीवास्तव ने बालक कैडेट व्यक्तिगत काता स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस वर्ग का स्वर्ण पदक नेपाल के खिलाड़ी ने जीता।

वहीं, टीम काता के स्वर्ण पदक विजेता वेदांत सिंह ने बालक जूनियर 54 किलोग्राम से कम भार वर्ग की कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और सफलता जोड़ दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी आद्या चौहान की स्पर्धा देर शाम आयोजित होनी थी।

खेल संगठनों ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि दक्षिण एशियाई स्तर पर खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश में कराटे के बढ़ते स्तर और सुनियोजित प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही खिलाड़ी भविष्य में विश्व स्तर पर भी भारत और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन कुणाल सिल्कू (आईएएस), अध्यक्ष टी.पी. हवेलिया, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, आयोजन समिति के चेयरमैन संतोष जायसवाल तथा कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ के सचिव कृष्णा अवतार ने भी सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लखनऊ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश में कराटे खेल के बढ़ते स्तर और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *