लखनऊ। लखनऊ की टीम ने राज्य सीनियर पुरुष आमंत्रण हैंडबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे वर्ष स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
अमेठी में 17 से 19 मार्च 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में लखनऊ ने मेरठ को 43-36 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया और अपना दबदबा कायम रखा।
फाइनल मैच में गोलकीपर शशिशंकर पाण्डेय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले सेमीफाइनल में लखनऊ ने वाराणसी को 40-32 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
लीग चरण में लखनऊ को पूल-ए में गोरखपुर, मिर्जापुर, बस्ती और अयोध्या के साथ रखा गया था, जहां टीम ने सभी मुकाबले लगभग 10 गोल के अंतर से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रदेश में हैंडबॉल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।
वहीं, उपक्रीड़ाधिकारी राजेश गौड़ ने भी विजेता टीम की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा।
टीम के कोच मोहम्मद तौहीद ने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतना टीम के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रहेगा।
लखनऊ टीम: डेविड, निहाल, अविनाश, अनंत, सुयश, अंकित, प्रिंस, शुभम, भविष्य राठी, सनी, शशिशंकर पाण्डेय, विकास।
