नयी टिहरी, 6 मार्च (RNN)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नयी टिहरी में चार दिवसीय ‘टिहरी लेक फेस्टिवल—हिमालयन ओ-टू’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टिहरी झील अब केवल एक पर्यटन स्थल नहीं रह गई है, बल्कि यह तेजी से साहसिक खेलों के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते एक वर्ष के दौरान टिहरी झील में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया है। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिला है और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में टिहरी झील में नौकायन, जेट स्की, कयाकिंग, कैनोइंग, स्कूबा डाइविंग, पैरासेलिंग और क्रूज जैसी अनेक जल क्रीड़ा गतिविधियां आयोजित कराई जा रही हैं। इसके अलावा 400 से अधिक खिलाड़ियों को पैराग्लाइडिंग समेत विभिन्न साहसिक खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी क्षेत्र में पर्यटन के साथ-साथ आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और बड़े आयोजनों की भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए करीब 1,300 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने टिहरी झील रिंग रोड के फेज-दो का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
धामी ने नयी टिहरी शहर को टिहरी झील से जोड़ने के लिए कोटी-कालोनी से नयी टिहरी तक रोपवे बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान विभिन्न जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहसिक खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
