पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने दिया इस्तीफा, आर.एन. रवि संभालेंगे अतिरिक्त प्रभार

कोलकाता, 5 मार्च । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बृहस्पतिवार शाम नयी दिल्ली में अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस घटनाक्रम से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कदम पर हैरानी जताते हुए कहा कि बोस के इस्तीफा देने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल और पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया जाएगा।

सत्रह नवंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल नियुक्त किए गए सी.वी. आनंद बोस ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा, “हां, मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैं करीब साढ़े तीन साल तक बंगाल का राज्यपाल रहा हूं, यह मेरे लिए पर्याप्त है।” हालांकि उन्होंने अपने अचानक इस्तीफे के कारणों का खुलासा नहीं किया और न ही यह बताया कि क्या इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक दबाव था।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जानकारी मिली है कि आर.एन. रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में सी.वी. आनंद बोस का स्थान लेंगे।

ममता बनर्जी ने इस घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के “दबाव” में बोस को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस अचानक हुए घटनाक्रम से “स्तब्ध और बेहद चिंतित” हैं और अभी तक उन्हें इसके वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि इस नियुक्ति को लेकर उनसे कोई परामर्श नहीं किया गया। उन्होंने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री ने मुझे सूचित किया है कि श्री आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में स्थापित परंपरा के अनुसार मुझसे कोई परामर्श नहीं किया गया।”

ममता बनर्जी ने कहा कि इस तरह के कदम संविधान की भावना को कमजोर करते हैं और देश के संघीय ढांचे पर असर डालते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सहकारी संघवाद के सिद्धांतों का सम्मान करने और ऐसे एकतरफा फैसलों से बचने की अपील की, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राज्यों की गरिमा को प्रभावित करते हैं।

इस बीच, सी.वी. आनंद बोस के अचानक इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न अटकलें लगाई जा रही हैं, खासकर तब जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *