03 अप्रैल से यूपी में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 03 अप्रैल से प्रदेश में आंधी-तूफान, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का नया दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के कारण अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहेगा और तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद पूर्वी ईरान के आसपास सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 03 अप्रैल से मौसम बदल जाएगा। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।

मार्च में सामान्य रही बारिश, बढ़ा तापमान
मार्च माह के दौरान प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बनी रही। महीने के दूसरे पखवाड़े में हुई बारिश से कुल वर्षा सामान्य स्तर पर रही, लेकिन पहले पखवाड़े में अधिक गर्मी के कारण औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

गर्मी 2026 को लेकर दीर्घावधि पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में फिलहाल तटस्थ ‘एल नीनो’ परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिनके ग्रीष्म ऋतु तक जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही हिन्द महासागर की तटस्थ द्विध्रुवीय स्थिति का भी प्रभाव देखने को मिलेगा।

अप्रैल महीने में पूर्वांचल को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, पूर्वांचल में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। अप्रैल से जून के बीच दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर बाकी प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

लू के बढ़ेंगे दिन, रातें भी रहेंगी गर्म
पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में इस बार लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है। साथ ही, पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान (रात का तापमान) भी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *