परिवार रजिस्टर की नकल व अंकपत्र लेकर पहुंचे मतदाता, अफसरों ने सुनी फरियाद

मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज में विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मैपिंग से छूटे मतदाताओं की सुनवाई गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में मतदाता परिवार रजिस्टर की नकल, शैक्षिक प्रमाण पत्र व अन्य वैध दस्तावेज लेकर पहुंचे और ईआरओ व एईआरओ के समक्ष अपनी बात रखी। सुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले मतदाताओं को अंतिम अवसर देते हुए एक बार फिर नोटिस भेजे जाएंगे।

रामपुर गढ़ी जमुनी स्थित प्राइमरी स्कूल में सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) व बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव ने बुधवार और गुरुवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक सुनवाई की। शेरपुर लवल के 64 वर्षीय छोटेलाल पाल ने परिवार रजिस्टर की नकल और हाईस्कूल का अंकपत्र प्रस्तुत किया, जबकि जहूर मोहम्मद ने पासपोर्ट के माध्यम से अपनी पहचान दर्ज कराई। समेसी के 62 वर्षीय रामहर्ष ने परिवार रजिस्टर की नकल व जाति प्रमाण पत्र दिया।

सुनवाई में पहुंचे सुरेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है, इसके बावजूद बीएलओ द्वारा मैपिंग नहीं की गई और उन्हें नोटिस थमा दिया गया। निगोहां की 70 वर्षीय फूलमती ने परिवार रजिस्टर की नकल प्रस्तुत करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन भर मतदान किया है, लेकिन अब मतदाता होने का प्रमाण देना पड़ रहा है।

बीडीओ ने बताया कि दो दिनों में छह गांवों के करीब 300 मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुलाया गया था, जिनमें 46 लोगों ने वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर एसआईआर मैपिंग पूरी कराई, जबकि 15 लोग आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर लौट गए। ग्रामीणों की सुविधा के लिए सभी ग्राम पंचायतों में सचिवों को पंचायत भवनों में बैठाकर परिवार रजिस्टर की नकल जारी कराई जा रही है।

उधर, उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने मोहनलालगंज तहसील में बैठकर उदवत खेड़ा, खुझौली, सेमरापीतपुर सहित पांच गांवों के मतदाताओं की सुनवाई की। उदवत खेड़ा की 70 वर्षीय सिताला देवी ने परिवार रजिस्टर की नकल देकर नाम न काटे जाने की गुहार लगाई। 76 वर्षीय रामप्यारे ने बताया कि उनके पास शिक्षा संबंधी कोई दस्तावेज नहीं है, लेकिन परिवार रजिस्टर की नकल के आधार पर उनकी सुनवाई पूरी की गई। 66 वर्षीय जमुना देवी नोटिस को लेकर काफी परेशान दिखीं। जब एसडीएम ने परिवार रजिस्टर की नकल को वैध दस्तावेज बताया तो वह भावुक हो गईं और अधिकारियों का आभार जताया। लक्ष्मी देवी और गुड्डी ने भी परिवार रजिस्टर की नकल प्रस्तुत कर सुनवाई में भाग लिया।

एसडीएम ने बताया कि कुल 300 मतदाताओं को नोटिस भेजे गए थे, जिनमें 143 लोगों ने वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए। दो दर्जन से अधिक लोग आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर लौटे। किसी कारणवश सुनवाई में उपस्थित न हो पाने वाले मतदाताओं को आयोग के पोर्टल के माध्यम से दूसरा मौका दिया जाएगा, जिसके लिए दोबारा नोटिस जारी होंगे।

नगराम, गोसाईगंज, सिसेंडी और अमेठी सहित अन्य क्षेत्रों में भी तहसीलदार ऋतुराज शुक्ल, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों ने इसी तरह सुनवाई कर मतदाताओं की समस्याएं सुनीं।

—नवनीत तिवारी, मोहनलालगंज

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *