कियो नेशनल कराटे चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, दो रजत व तीन कांस्य पदक जीते

लखनऊ, 5 मार्च। उत्तर प्रदेश के कराटे खिलाड़ियों ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 26 फरवरी से एक मार्च 2026 तक आयोजित पांचवीं कियो नेशनल कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत और तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

चैंपियनशिप में मथुरा के खिलाड़ी अरुण कुमार ने अंडर-21 बालक कुमिते के 84 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। वहीं वाराणसी की शशिकला मौर्या ने बालिका अंडर-21 काता स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश की पुरुष सीनियर टीम ने टीम काता स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। इस टीम में लखनऊ के खिलाड़ी जय भारत दुबे, ज्ञानेश सिंघल, आशीष कुमार और अभिषेक गौतम शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी लखनऊ स्थित ‘द टाउंस कराटे अकादमी’ में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

अन्य स्पर्धाओं में वाराणसी की आकांक्षा ने बालिका अंडर-21 कुमिते के 61 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं नोएडा के ठाकुर चौहान ने बालक अंडर-21 कुमिते के 75 किलोग्राम से कम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

चैंपियनशिप में पदक विजेताओं को कराटे इंडिया आर्गेनाइजेशन के महासचिव संजीव कुमार जांगड़ा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस उपलब्धि पर कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन कुणाल सिल्कू (आईएएस), अध्यक्ष टी.पी. हवेलिया, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी और महासचिव जसपाल सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो खेल के विकास के लिए उत्साहजनक संकेत है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *