लखनऊ, 18 दिसंबर । उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार वर्ष 2026 में राज्य के विभिन्न विभागों में लगभग डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। बृहस्पतिवार को जारी सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई। सरकार के अनुसार, सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में की जाएंगी।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को विभागवार रिक्त पदों का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, ताकि खाली पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा सके। इसके तहत वर्ष 2026 में पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास सहित विभिन्न विभागों में भर्तियां की जाएंगी।
सरकार का दावा है कि वर्ष 2026 में डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देकर योगी सरकार एक नया रिकॉर्ड बनाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पहली ऐसी सरकार बन जाएगी, जिसने 10 वर्षों के भीतर 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हों। बयान के अनुसार, पिछले साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दी जा चुकी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में करीब 50-50 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। पुलिस विभाग में 30 हजार कांस्टेबल, पांच हजार उपनिरीक्षक और 15 हजार अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी।
शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विभाग में सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्य सहित करीब 50 हजार पदों पर नियुक्तियां होंगी। वहीं, राजस्व विभाग में लगभग 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें सबसे अधिक पद लेखपाल के होंगे।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार समेत अन्य विभागों में करीब 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। बयान के अनुसार, कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी करने का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि कुछ विभागों में चयन प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है।
सरकार ने कहा कि इन भर्तियों से प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
