महिला शक्ति के उत्थान में यूपी बना मिसाल, सरस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बांटी करोड़ों की सहायता

कौशांबी/लखनऊ, 8 मार्च। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की प्रगति से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और स्वयं सहायता समूहों की ‘दीदियां’ प्रदेश के विकास की नई पहचान बन रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने कौशांबी जिले के सयारा स्थित बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की सहायता राशि और सम्मान प्रदान किए।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 137 लाभार्थियों को 1 करोड़ 64 लाख 40 हजार रुपये के डमी चेक और स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रिवॉल्विंग फंड और सामुदायिक निवेश निधि के अंतर्गत कुल 5 करोड़ 69 लाख 40 हजार रुपये की सहायता दी गई।

मौर्य ने स्वयं सहायता समूह की ई-रिक्शा चालक महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत ई-रिक्शा खरीदे हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और सहायक उपकरण भी वितरित किए गए तथा 23 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में कई अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता दी गई। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि योजना और पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कार्मिकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षिकाओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और जनपद का नाम रोशन करने वाली बेटियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विधायक पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *