संभल, 28 मार्च (RNN)। उत्तर प्रदेश सरकार संभल को मथुरा, वृंदावन, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की तर्ज पर एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 308 करोड़ रुपये की लागत से 52 किलोमीटर लंबे ‘24-कोसी परिक्रमा’ मार्ग के निर्माण और विकास को मंजूरी दी गई है।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत 68 चिन्हित तीर्थस्थलों और 19 प्राचीन कुओं के नेटवर्क को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए धार्मिक गलियारे की तर्ज पर व्यापक तंत्र तैयार किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परिक्रमा मार्ग में 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिसमें सात मीटर ब्लैकटॉप सड़क और तीन मीटर चौड़ा ऊंचा फुटपाथ शामिल होगा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से पैदल परिक्रमा कर सकें।
इस परियोजना के तहत यमगढ़ तीर्थ, चतुर्मुख ब्रह्म कूप, पिशाच मोचन तीर्थ और पाप मोचन तीर्थ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा चामुंडा माता मंदिर, शंख मोचन तीर्थ, भद्रिका आश्रम, ऋषिकेश तीर्थ, रसोदक कूप, अमृत कूप और पंचाग्नि कूप सहित अन्य धार्मिक स्थानों को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
साथ ही सूर्य कुंड मंदिर के अलावा संभलेश्वर, भुवनेश्वर और चंद्रेश्वर मंदिरों में भी पर्यटन से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का उन्नयन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ‘कल्कि धाम यात्रा’ को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक तीर्थयात्रियों को आकर्षित करना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस व्यापक योजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय लोगों की आजीविका को सहारा मिलेगा, जिससे संभल को देश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि सात अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल को हिंदू परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बताते हुए इसे भगवान कल्कि के संभावित जन्मस्थान से जुड़ा आस्था का प्रतीक बताया था। वहीं, नवंबर 2024 में शाही जामा मस्जिद के अदालत-निर्देशित सर्वेक्षण को लेकर उपजे तनाव और झड़पों के कारण भी यह शहर चर्चा में रहा था।
