उप्र: 500 रुपये उधार न चुकाने पर विवाह समारोह में नाबालिग की हत्या

कानपुर, 24 मार्च (RNN)।  उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक शादी समारोह के दौरान महज 500 रुपये के विवाद को लेकर 16 वर्षीय एक लड़के ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर अपने 15 वर्षीय सहपाठी की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सत्यम निषाद (15) के रूप में हुई है। दोनों लड़के एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां आरोपी ने सत्यम को रोका और उससे कुछ महीने पहले लिए गए 500 रुपये के उधार के बारे में पूछा।

बताया गया कि जब सत्यम ने उधार की रकम लौटाने के लिए दो अप्रैल तक का समय मांगा, तो दोनों के बीच बहस बढ़ गई। इसी दौरान आरोपी ने अचानक गुस्से में आकर सब्जी काटने वाला चाकू निकाला और सत्यम के पेट में कई बार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

जिले की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल सत्यम को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने घटना के बाद भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

इस बीच, हालात सामान्य होने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। मृतक की मां मंजू निषाद ने बताया कि उनके बेटे पर पैसे लौटाने का दबाव था और कुछ दिन पहले भी उसकी आरोपी से बहस हुई थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *