2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा-रालोद के बीच रणनीतिक मंथन, संगठनात्मक समन्वय पर जोर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश नेतृत्व के बीच अहम रणनीतिक बैठक हुई। बैठक में एनडीए को मजबूत करने, संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने और जिला स्तर तक बेहतर तालमेल स्थापित करने पर सहमति बनी।

लखनऊ | 31 जुलाई, 2026: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने चुनावी रणनीति को धार देने के लिए संगठनात्मक स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, संगठनात्मक समन्वय और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में दोनों नेताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भाजपा और रालोद के बीच प्रदेश स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी संवाद और समन्वय को अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस दौरान दोनों दलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश पदाधिकारियों के बीच नियमित संवाद, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर सहमति बनी, ताकि एनडीए का संगठनात्मक ढांचा और जनसंपर्क अभियान जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत हो सके।

बैठक में उत्तर प्रदेश के बदलते राजनीतिक परिदृश्य, आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों और विशेष रूप से पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोकदल के बढ़ते संगठनात्मक विस्तार एवं जनाधार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने कहा कि गठबंधन की मजबूती के लिए साझा रणनीति और बेहतर समन्वय आवश्यक है तथा इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को उनकी कालजयी कृति ‘गोदान’ भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।

बैठक में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी सहित दोनों दलों के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव-2027 में अभी समय है, लेकिन भाजपा और रालोद ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर यह संकेत दिया है कि एनडीए चुनावी रणनीति को समय रहते मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दे रहा है।

Share this newsWhatsAppFacebookX

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *