नियम 301 के तहत सरोजनीनगर की आवाज़ सदन में गूंजी, डॉ. राजेश्वर सिंह की सूचना स्वीकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने नियम 301 के अंतर्गत अपने क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को प्रभावशाली ढंग से सदन में उठाया। सदन द्वारा उनकी सूचना को स्वीकार किए जाने से क्षेत्रीय विकास के लिए एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने वक्तव्य में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर विस्तारित क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की 36 ग्राम पंचायतें नगर निगम लखनऊ के विस्तारित क्षेत्र में शामिल हो चुकी हैं। इस प्रशासनिक परिवर्तन के बाद इन गांवों में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित हुई है और सड़क, नाली, सीवर लाइन तथा पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का समुचित विकास अब तक नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर क्षेत्र एयरपोर्ट के निकट स्थित होने के कारण रणनीतिक और निवेश की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां आधुनिक और सुदृढ़ अवस्थापना सुविधाओं का विकास न केवल स्थानीय नागरिकों की जरूरत है, बल्कि प्रदेश की छवि और आर्थिक प्रगति के लिए भी आवश्यक है।

विधायक ने सरकार से मांग की कि विस्तारित क्षेत्रों के समुचित विकास के लिए अतिरिक्त बजट आवंटित किया जाए, ताकि वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

सदन द्वारा सूचना स्वीकार किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि अब विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी और सरोजनीनगर के विस्तारित क्षेत्रों को भी राजधानी के अनुरूप आधारभूत और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *