देहरादून में सुनील राठी गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

देहरादून, 27 फरवरी (RNN)।उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात सुनील राठी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सक्रिय आपराधिक गिरोहों और जेल में बंद अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी के दौरान मिली सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात राजपुर क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया।

वाहन की तलाशी में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी भानू चौधरी और मुजफ्फरनगर निवासी पारस सिंह को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ राजपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(3) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हरिद्वार और देहरादून के व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार लोगों में भय पैदा करने के उद्देश्य से लाए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि पारस पूर्व में मुख्तार अंसारी और संजीव जीवा गिरोह से जुड़ा शूटर रहा है और उनकी मृत्यु के बाद वह राठी गिरोह में शामिल हो गया।

एसएसपी ने बताया कि पारस के मोबाइल फोन रिकॉर्ड से उसका पौड़ी जेल में बंद सुनील राठी से लगातार संपर्क सामने आया है। वह उसके निर्देश पर हरिद्वार और देहरादून की विवादित जमीनों में हस्तक्षेप कर धन उगाही करता था। पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर का नाम भी सामने आया है, जो पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार पारस के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *