योगी सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

युवाओं के स्वरोजगार को गति देने पर फोकस, 1.35 लाख को मिल चुका ऋण

15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के निर्देश, पारदर्शिता पर विशेष जोर

लखनऊ, 06 फरवरी 2026। योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में सम्पन्न हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी तथा अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग आलोक कुमार ने की।

बैठक में आयुक्त एवं मिशन निदेशक के. विजयेन्द्र पांडियन, प्रबंध निदेशक यूपीएसआईसी राज कमल यादव, राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, भारतीय स्टेट बैंक से संदीप प्रकाश, इंडियन बैंक से सुधीर गुप्ता सहित प्रदेश के सभी जनपदों के अपर/संयुक्त आयुक्त उद्योग, उपायुक्त उद्योग, सीएम युवा फेलोज, बैंक नोडल अधिकारी एवं रैम्प योजनान्तर्गत डिस्ट्रिक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।

‘योजना नहीं, रोजगार सृजन मिशन है सीएम युवा अभियान’

मिशन निदेशक के. विजयेन्द्र पांडियन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान केवल एक योजना नहीं बल्कि योगी सरकार का रोजगार सृजन मिशन है, जिसका उद्देश्य नवाचार आधारित परियोजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि योजना के आरंभ से अब तक 1.35 लाख युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है।

उन्होंने 15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक दिन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, संयुक्त व उपायुक्त उद्योगों को क्षेत्रीय भ्रमण कर लंबित मामलों की गहन समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सीएम युवा मोबाइल ऐप के प्रचार-प्रसार को बढ़ाकर न्यूनतम 50 हजार युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जनपदवार प्रगति की समीक्षा

राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला ने योजना की जनपदवार और बैंकवार प्रगति, लंबित व अस्वीकृत आवेदनों की स्थिति, गुणवत्तापूर्ण आवेदनों में वृद्धि और आगामी रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रबंध निदेशक यूपीएसआईसी ने रैम्प योजना और नॉलेज पार्टनर समाधान समिति के माध्यम से प्रशिक्षण मॉड्यूल में किए गए नवीन संशोधनों की जानकारी दी।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर सख्त निर्देश

अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योगी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की शेष अवधि में लक्ष्य प्राप्ति के लिए पारदर्शी लाभार्थी चयन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, इनोवेटिव परियोजनाओं और ऑनलाइन टूल्स के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों और सीएम युवा फेलोज को फील्ड विजिट, तहसीलवार कैंप और नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिडिलमैन और दलालों पर कठोर कार्रवाई कर नकारात्मक प्रचार रोकने के भी निर्देश दिए गए।

72 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति, शेष पर तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अत्यंत महत्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने अब तक 72 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर संतोष जताते हुए शेष लक्ष्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा, महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, 50 हजार ऋण लाभार्थियों का इम्पैक्ट असेसमेंट, पश्चिमांचल में मंत्री स्तरीय समीक्षा बैठक और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीएम युवा फेलोज को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कमजोर प्रदर्शन करने वाले जनपदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी संकेत दिए गए।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिलेगी नई रफ्तार

बैठक के द्वितीय सत्र में सीएम युवा मोबाइल ऐप, सीएम युवा पोर्टल और यूपी मार्ट पोर्टल पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें आवेदन से लेकर ऋण वितरण, उद्योग स्थापना के छह माह बाद सेल्फ वेरिफिकेशन, बैंक व डीआईसी स्तर पर सत्यापन तथा प्रगति मॉनिटरिंग की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
यूपी मार्ट पोर्टल के माध्यम से मशीनरी सप्लायर्स को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लाने पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के बाद राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *