मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

शाहजहाँपुर। भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर शाहजहाँपुर में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और उत्तर प्रदेश पश्चिमी जोन की अध्यक्ष भारती त्यागी के निर्देश पर आयोजित किया गया।

टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जिला अध्यक्ष अर्चना कटारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के फैसले को जनविरोधी बताया और इसे वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अर्चना कटारिया ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रपिता हैं और उनके नाम से जुड़ी जनकल्याणकारी योजना का नाम बदलना किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश के ऐतिहासिक प्रतीकों और जनभावनाओं को मिटाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना निर्णय शीघ्र वापस नहीं लिया तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस मौके पर जिले की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार से निर्णय वापस लेने की पुरजोर मांग की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *