सरोजनीनगर में गूंजा ‘राष्ट्र प्रथम’ का उद्घोष, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा

तिरंगे की आन-बान-शान के साथ सरोजनीनगर में राष्ट्रप्रेम का महासंगम

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर राष्ट्रभक्ति के विराट उत्सव में बदल गया, जब विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा, दिलों में देशप्रेम और सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब—यह दृश्य राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का जीवंत प्रतीक बन गया। हजारों बाइक और कारों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति गीतों पर झूमते युवा-नागरिक और खुली जिप्सी में तिरंगा थामे जन-जन का अभिवादन करते विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

छठ पूजा स्थल, सैनिक स्कूल ग्राउंड, नवीन गौरी से प्रारंभ होकर कानपुर रोड, स्कूटर इंडिया चौराहे से यू-टर्न लेते हुए एयरपोर्ट तक पहुँची यह तिरंगा यात्रा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का सशक्त उद्घोष थी। यात्रा से पूर्व उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल द्वारा आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम में विधायक ने सहभागिता कर तिरंगे को सम्मानपूर्वक फहराया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज देश जिस अमन-चैन और सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रहा है, वह हमारी सेनाओं के शौर्य और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा असंख्य बलिदानों की गाथा अपने भीतर समेटे हुए है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस को स्मरण करते हुए उन्होंने 18 अगस्त को उनकी पुण्यतिथि पर सरोजनीनगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।

विधायक ने गणतंत्र दिवस को संविधान के सम्मान का पर्व बताते हुए कहा कि संविधान ही भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता और शक्ति का आधार है। उन्होंने स्वतंत्रता काल से आज तक की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विश्व की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विज्ञान-तकनीक से लेकर अंतरिक्ष तक नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

डॉ. सिंह ने राष्ट्र को कमजोर करने वाली विभाजनकारी विचारधाराओं के विरुद्ध एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि बाहरी और आंतरिक चुनौतियों के बीच ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रहित में कार्य करने के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर तारा शक्ति केंद्रों की मातृशक्ति को विशेष रूप से नमन करते हुए विधायक ने बताया कि इनके माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक तिरंगे तैयार कर देश को समर्पित किए जा चुके हैं, जो महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रप्रेम का प्रेरक उदाहरण है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा सहित अनेक व्यापारी, वरिष्ठजन, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सरोजनीनगर का यह दृश्य गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रभक्ति के अद्भुत उत्सव के रूप में यादगार बन गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *