बोले—सच्चाई से डर गए इसलिए तथ्य रखने से बचते रहे
नयी दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते समय झूठ की शरण ली, क्योंकि वे सच्चाई से डर गए थे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसे डरे कि झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उचित समझा, वही किया।”
उल्लेखनीय है कि नेता प्रतिपक्ष पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए चीन के साथ सैन्य तनाव से जुड़ा मुद्दा लोकसभा में उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। इसी को लेकर बीते चार दिनों से लोकसभा में गतिरोध बना रहा और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रधानमंत्री के जवाब के बिना ही पारित कर दिया गया।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि भारत आज विश्व में उभरती चुनौतियों के समाधान के लिए आशा की किरण बना हुआ है और दुनिया एक नई वैश्विक व्यवस्था की ओर अग्रसर है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी देश की जनता को ही समस्या मानते थे, जबकि वर्तमान सरकार “140 करोड़ समाधान” के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई ठोस योजना या दृष्टि नहीं थी और मौजूदा सरकार को उसकी गलतियों को सुधारने में काफी समय लगाना पड़ा।
