लखनऊ, 11 मार्च। ए.के. शर्मा ने बुधवार को नगर निगम लखनऊ के जोन-3 में नव निर्मित कार्यालय भवन, अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइब्रेरी और योगा सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल आधुनिक नगर प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि उन्हें कई विकसित देशों की व्यवस्थाएं देखने का अवसर मिला है और उसी अनुभव के आधार पर कहा जा सकता है कि लखनऊ में विकसित की गई यह सुविधा दुनिया के विकसित देशों के स्तर की व्यवस्थाओं के समकक्ष है।
मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए शहरों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार की गई सुविधाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में नागरिकों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं और लोग जन्म प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाएं समयबद्ध तरीके से प्राप्त करना चाहते हैं। ऐसे में जन शिकायतों का त्वरित समाधान करना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान जनता की समस्याओं के प्रति उसकी संवेदनशीलता से होती है।
मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालयों को आधुनिक नागरिक सेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना के तहत यहां बेहतर काउंटर व्यवस्था, प्रतीक्षालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि नागरिक सम्मानजनक वातावरण में अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार की गई सुविधाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि यहां लाइब्रेरी, योगा सेंटर, जिम, कैफेटेरिया और बैठने की आधुनिक व्यवस्था की गई है, जो उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता के लिए उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर सुषमा खर्कवाल, नीरज बोरा और गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
