मुख्यमंत्री जी ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बल्कि ‘बर्बाद’ कॉरिडोर बनाया है : अखिलेश यादव

लखनऊ, 22 मार्च (RNN)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रीन कॉरिडोर के नाम पर जनता को सुविधा देने के बजाय एक ‘बर्बाद कॉरिडोर’ बना दिया है।

लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित मालती देवी महिला सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने का प्रयास जरूर किया, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा तैयार किया गया कॉरिडोर यातायात व्यवस्था के लिहाज से प्रभावी नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस कॉरिडोर का डिजाइन मानकों के अनुरूप नहीं है और हर चौराहे पर यातायात सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ेगा। साथ ही, इसमें पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। अखिलेश यादव हाल ही में लखनऊ में उद्घाटित ग्रीन कॉरिडोर का जिक्र कर रहे थे।

सपा प्रमुख ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में बने लोहिया पथ की सराहना करते हुए कहा कि उस समय सड़क निर्माण में गुणवत्ता और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा गया था।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति भरोसा जताया और दावा किया कि तमाम प्रशासनिक बदलावों के बावजूद राज्य की जनता उन्हें एक बार फिर ऐतिहासिक जनादेश के साथ सत्ता में वापस लाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव को प्रभावित करने के लिए अधिकारियों की तैनाती और अन्य तैयारियों में जुटी हुई है।

महिलाओं और बेटियों के कल्याण के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले भी ‘कन्या विद्याधन योजना’ और ‘रानी लक्ष्मीबाई योजना’ जैसी पहलें शुरू की थीं, जो उस समय देश में अनूठी मानी गई थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 में यदि सपा की सरकार बनती है, तो महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाज और देश की प्रगति के लिए आधी आबादी यानी महिलाओं का सशक्तिकरण बेहद जरूरी है और सपा भविष्य में इस दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *