गणतंत्र दिवस पर महाबली मेमोरियल इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
मलिहाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मलिहाबाद स्थित महाबली मेमोरियल इंटर कॉलेज में देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती शालिनी सिंह, राष्ट्रीय सचिव श्री श्रीष चंद्र श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सचिव के विशेष प्रतिनिधि श्री विजय श्रीवास्तव तथा प्रोफेशनल मंच के प्रदेश महासचिव विकास श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया।

राष्ट्रीय ध्वज को प्रणाम करने के उपरांत अपने संबोधन में अनुपम मिश्रा ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने का सबसे मजबूत आधार है।
अनुपम मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ी देश के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने बच्चों को भी अपने भविष्य को लेकर जागरूक रहने, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
