विशेष अभियान में 409 वाहनों की जांच
लखनऊ, 10 मार्च। प्रदेश में उपखनिजों के अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग उत्तर प्रदेश श्रीमती माला श्रीवास्तव के निर्देश पर यह अभियान 6 से 8 मार्च 2026 तक आकस्मिक और गोपनीय रूप से संचालित किया गया।
अभियान के दौरान उपखनिजों का परिवहन करने वाले लगभग 409 वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में अधिकांश वाहन वैध परिवहन प्रपत्रों के साथ पाए गए, जबकि जिन वाहनों में अवैध परिवहन या ओवरलोडिंग पाई गई, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के तहत 29 लाख 65 हजार 300 रुपये का अधिरोपण करते हुए धनराशि राजकोष में जमा कराई गई।
अभियान की समीक्षा करते हुए सचिव एवं निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग श्रीमती माला श्रीवास्तव ने अंतरराज्यीय सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाले उपखनिजों का परिवहन आईएसटीपी के साथ ही सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न होने दी जाए।
उन्होंने कहा कि जनपदों में स्थित खनन क्षेत्रों में स्रोत बिंदु पर ही लोडिंग मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए और आवश्यकता पड़ने पर वहीं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्थापित आईओटी आधारित पीटीजेड और एएनपीआर कैमरों से युक्त चेकगेट्स को 24 घंटे संचालित रखा जाए, ताकि वाहनों की सतत निगरानी की जा सके।
श्रीमती माला श्रीवास्तव ने समस्त जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए और शासन की मंशा के अनुरूप कठोर कदम उठाए जाएं।
