नई दिल्ली, 24 मार्च ।दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स को अमेरिका स्थित टेक उद्यमी कल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम को करीब 1.63 अरब डॉलर (लगभग 15,290 करोड़ रुपये) में बेचे जाने की तैयारी है। यह सौदा आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस कंसोर्टियम में रॉब वॉलटन और फोर्ड परिवार से जुड़े हैम्प परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। सोमानी एरिज़ोना स्थित टेक उद्यमी हैं, जिन्होंने कई तकनीकी कंपनियों की स्थापना की है और खेल निवेश के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बीसीसीआई की मंजूरी के बाद होगा सौदा
यह प्रस्तावित सौदा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मंजूरी के अधीन है और संभावना है कि यह 2026 आईपीएल सत्र के बाद प्रभावी होगा। वर्तमान में ब्रिटिश-भारतीय कारोबारी मनोज बादले के पास टीम में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
सूत्रों का कहना है कि सोमानी पहले से ही फ्रेंचाइजी में निवेशक हैं और बीसीसीआई की स्वीकृति के बाद समझौते पर जल्द हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, 1.63 अरब डॉलर की कीमत यह दर्शाती है कि आईपीएल एक वैश्विक ब्रांड के रूप में कितनी तेजी से आगे बढ़ा है।
अन्य दावेदार भी थे दौड़ में
इस बोली प्रक्रिया में कई बड़े कॉर्पोरेट समूह भी शामिल थे, जिनमें
- टाइम्स इंटरनेट के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम
- आदित्य बिड़ला समूह
- आदित्य मित्तल के नेतृत्व वाला मित्तल परिवार
शामिल थे, लेकिन अंतिम दौर में सोमानी समूह आगे निकल गया।
आईपीएल टीमों की बढ़ती कीमत
इस संभावित सौदे की तुलना 2021 में आरपीएसजी समूह द्वारा लखनऊ सुपर जायंट्स को करीब 7,000 करोड़ रुपये में खरीदने से की है। मौजूदा सौदा उससे कहीं अधिक मूल्य का है, जो लीग की तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत को दर्शाता है।
इस बीच, आईपीएल की एक और प्रमुख फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, जो वर्तमान चैंपियन है, भी बिक्री के लिए उपलब्ध बताई जा रही है और उसका संभावित मूल्य 2 अरब डॉलर (करीब 18,749 करोड़ रुपये) से अधिक आंका जा रहा है।
खेल निवेश में बढ़ती दिलचस्पी
कल सोमानी खेल उद्योग में सक्रिय निवेशक के रूप में उभर रहे हैं। वह डेट्रॉइट स्थित मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-मालिक भी हैं, जो 2027 में शुरू होने वाली नई गोल्फ लीग में भाग लेने वाला है। इस लीग की स्थापना दिग्गज गोल्फरों टाइगर वुड्स और रोरी मैक्लरॉय ने की है।
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस संभावित सौदे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह आईपीएल के लिए शानदार खबर है और इससे लीग की वैश्विक लोकप्रियता और आर्थिक ताकत का पता चलता है।
