रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक करीब 55 हजार यूक्रेनी सैनिक मारे गए : जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

कीव, 5 फरवरी (एजेंसी)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुलासा किया है कि रूस के साथ लगभग चार वर्षों से जारी युद्ध में अब तक उनके देश के करीब 55 हजार सैनिक मारे जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में सैनिक अब भी लापता माने जा रहे हैं।

जेलेंस्की ने बुधवार देर रात एक फ्रांसीसी टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा, “रूस के आक्रमण के बाद से अब तक यूक्रेन के 55,000 सैनिक मारे गए हैं। इसके अलावा ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें अब भी लापता माना जा रहा है।”

इस बीच, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत अमेरिका की मध्यस्थता में दोनों देशों के वार्ताकारों के बीच संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन बातचीत हुई। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है, जब रूस ने यूक्रेन के बिजली नेटवर्क पर बड़े पैमाने पर हमले कर उसे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया है।

यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने बताया कि अबू धाबी में जारी बातचीत में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हुए। नाटो के एक प्रवक्ता ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि संगठन के यूरोप में शीर्ष सैन्य कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच भी बैठक में मौजूद थे।

हालांकि, अधिकारियों ने वार्ता में हुई किसी ठोस प्रगति की जानकारी नहीं दी है। इससे पहले भी विटकॉफ और कुशनर पिछले महीने अबू धाबी में हुई बातचीत में शामिल हुए थे। ट्रंप प्रशासन दोनों देशों के बीच समझौता कराने के प्रयास कर रहा है। उस समय जेलेंस्की ने पूर्वी यूक्रेन के डोनबास औद्योगिक क्षेत्र पर नियंत्रण के मुद्दे को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया था।

यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में करीब 1,000 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर दोनों देशों के बीच भीषण लड़ाई जारी है। जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से रूस पर दबाव बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि 24 फरवरी 2022 को शुरू हुए व्यापक हमले को समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद यूक्रेन को भविष्य में किसी भी रूसी आक्रमण को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता होगी।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि यूक्रेन के नागरिकों को यह महसूस होना चाहिए कि शांति की दिशा में वास्तविक प्रगति हो रही है और “उन्हें ऐसा नहीं लगना चाहिए कि रूस हर स्थिति का फायदा उठाकर अपने हमले जारी रखे।”

इस बीच, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बृहस्पतिवार को आधिकारिक दौरे पर कीव पहुंचे।
कीव के महापौर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात रूस द्वारा किए गए ड्रोन हमलों में दो लोग घायल हो गए।

यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात भर में 183 ड्रोन हमले किए और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायुसेना ने आज़ोव सागर और क्रीमिया के ऊपर हमला करने आए यूक्रेन के 95 ड्रोन मार गिराए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *