SIR: मतदाता शिकायतों पर सख्त चुनाव आयोग, नए मतदाता बनने के लिए 16.5 लाख आवेदन

सोशल मीडिया पर आई शिकायतों पर जिलों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी मतदाता सूची को लेकर मिल रही शिकायतों को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए आ रही समस्याओं पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने संबंधित जिलों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए हैं।

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद नाम जुड़ने, स्थानांतरण और सत्यापन में देरी को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही हैं। विभिन्न जिलों के मतदाता सीधे सीईओ के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं, जिन पर जिला प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।

नाम जुड़ने में देरी पर बढ़ी शिकायतें

गोरखपुर के सहजनवां निवासी अमित मिश्रा ने शिकायत की कि बीएलओ द्वारा 20 नवंबर 2025 को सत्यापन पूरा कर लिया गया था और सभी दस्तावेज सही हैं, लेकिन अब फॉर्म निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के पास लंबित है।
इसी तरह अलीगढ़ के रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने 26 अक्टूबर 2025 को अपने परिवार की शीला देवी का नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भरा था, लेकिन अब तक नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा।
कानपुर के सीसामऊ निवासी किशन कुमार ने फॉर्म-8 के जरिए नाम स्थानांतरण के लिए 28 नवंबर 2025 को आवेदन किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसी ही कई शिकायतें अन्य जिलों से भी सामने आई हैं।

सीईओ कार्यालय ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

बीएलओ से सीधे बात के लिए ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग करें।
इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in या ecinet पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ विकल्प पर जाकर अपना ईपिक नंबर भरकर कॉल बैक रिक्वेस्ट दर्ज करनी होगी। बीएलओ 48 घंटे के भीतर मतदाता से संपर्क कर समस्या का समाधान करेगा।

तीन दिनों में 34 हजार नए आवेदन

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद बीते तीन दिनों में प्रदेशभर से 34 हजार से अधिक लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। अब तक कुल 16.50 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
वहीं मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए 49 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है।

राजनीतिक दलों ने भी दाखिल की आपत्तियां

सीईओ कार्यालय के अनुसार, पिछले तीन दिनों में राजनीतिक दलों द्वारा 1334 फॉर्म-6 भरवाकर दावे और आपत्तियां दाखिल की गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1214 फॉर्म भाजपा की ओर से भरे गए हैं।
समाजवादी पार्टी ने 82, कांग्रेस और बसपा ने 19-19 फॉर्म जमा किए हैं। अपना दल (एस) और आम आदमी पार्टी की ओर से कोई फॉर्म दाखिल नहीं किया गया।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *