शाहजहाँपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव, विधायक एवं पूर्व मंत्री अता उर रहमान ने शनिवार को बिजलीपुरा स्थित सपा जिला कार्यालय में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतर्गत संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं बूथ प्रभारियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अता उर रहमान का स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए अता उर रहमान ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बूथ स्तर की चौकसी और सतर्कता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़ी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखना अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिए कि BLA और बूथ प्रभारी, BLO के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या त्रुटि को समय रहते रोका जा सके। पात्र मतदाताओं के नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जोड़ने और गलत प्रविष्टियों के सुधार के लिए फॉर्म-8 का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अता उर रहमान ने कहा कि SIR के तहत नामित सभी प्रभारी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करें तथा पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरे उतरें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानकर हर बूथ पर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में अभी से जुट जाएं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष तनवीर खान ने मतदाता सूची के सत्यापन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी ब्लॉक व बूथ प्रभारियों को तत्काल सक्रिय होने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, पूर्व विधायक राजेश यादव, जिला महासचिव रणजय सिंह यादव, प्रदेश सचिव विजय सिंह, रिजवान अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला महासचिव रणजय सिंह यादव ने किया।
