वरिष्ठ पत्रकार देव मिश्रा का आकस्मिक निधन, मीडिया जगत में शोक की लहर

लखनऊ। भारत अपडेट से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार देव मिश्रा का गुरुवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने की खबर से मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने इसे पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।

देव मिश्रा अपने निर्भीक, निष्पक्ष और प्रतिबद्ध पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने सदैव सच को प्राथमिकता दी और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सरल स्वभाव, सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्य के प्रति समर्पण ने उन्हें साथ काम करने वालों के बीच बेहद सम्मानित बनाया। वे न केवल एक कुशल पत्रकार थे, बल्कि युवा साथियों के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत भी थे।

भारत अपडेट के एमडी एवं एडिटर इन चीफ विवेक पाठक ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देव मिश्रा का निधन व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि मिश्रा ने हमेशा सत्य और निष्पक्षता को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाया और संस्थान उनके योगदान को कभी नहीं भुला पाएगा।

भारत अपडेट के चेयरमैन कैप्टन सुरज ने भी गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि देव मिश्रा संस्थान की मजबूत नींव का हिस्सा थे। उनका समर्पण और मार्गदर्शन हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उनके करीबी वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण गुप्ता ने भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “देव मिश्रा सिर्फ मेरे सबसे अच्छे दोस्त नहीं, बल्कि भाई से बढ़कर थे। हर सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहे। उनकी सच्चाई, साफ दिल और मुस्कान ही उनकी असली पहचान थी। उनके साथ बिताए पल अब अनमोल यादें बन गए हैं। उनकी कमी हमेशा खलेगी — उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।”

देव मिश्रा का निधन मीडिया जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, कार्यशैली और मूल्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *