ददरौल से शुरू हुआ ‘स्कूल चलो अभियान’, हर बच्चे के नामांकन पर प्रशासन का फोकस

शाहजहांपुर, जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ विकास खंड ददरौल के उच्च प्राथमिक विद्यालय शहबाजनगर से किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया और लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षा के महत्व को समझते हुए नामांकन बढ़ाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से ईंट-भट्टों पर कार्यरत बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम स्तर पर प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उन्हें खेल, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया कि निपुण विद्यालय मूल्यांकन में जनपद ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा इंस्पायर अवार्ड योजना में आवेदन के मामले में शाहजहांपुर देश के ‘सुपर 50’ जिलों में शामिल हुआ है, जो जनपद के लिए गर्व की बात है।

ग्राम प्रधान महेश चंद्र गौतम ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत में कुल 15 विद्यालय संचालित हैं और बच्चों के समग्र विकास के लिए खेल मैदान भी विकसित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय पीटी प्रतियोगिता के विजेता छात्र—पवन, राजा, अरुण, विकांशु, विमल, सौरभ, जितिन, अतुल और रोहित को सम्मानित किया गया। वहीं साक्षी और क्रांति को राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार मौर्य, सतीश कनौजिया, सोहन शुक्ला, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, मंजू गंगवार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। अंत में रविंद्र पाल प्रजापति ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का संचालन आदर्श श्रीवास्तव ने किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *