सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की शिष्टाचार भेंट

ओम बिरला जी के नेतृत्व में लोकसभा ने स्थापित किए विधायी उत्पादकता के नए कीर्तिमान - डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को राजभवन, लखनऊ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उस अवसर पर हुई जब लोकसभा अध्यक्ष 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (AIPOC) में भाग लेने के लिए लखनऊ प्रवास पर हैं।

मुलाकात के बाद डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ओम बिरला के नेतृत्व में लोकसभा ने विधायी उत्पादकता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सदन के समय का कुशल प्रबंधन, विधेयकों का त्वरित और सुव्यवस्थित पारित होना तथा बहसों में संतुलन और गहनता, उनके सर्वसमावेशी, नियम-आधारित और परिणामोन्मुख नेतृत्व का स्पष्ट प्रमाण है।

डॉ. सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि लोकसभा अध्यक्ष के कार्यकाल में डिजिटल संसद की अवधारणा को प्रभावी रूप से साकार किया गया है। ई-पार्लियामेंट, पेपरलेस कार्यप्रणाली, एआई-सक्षम बहुभाषी अनुवाद, वास्तविक समय में ट्रांसक्रिप्शन और समेकित डिजिटल डेटाबेस जैसी पहलों से संसद अधिक पारदर्शी, समावेशी, सुलभ और जवाबदेह बनी है।

लोकसभा अध्यक्ष की प्रशंसा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनका गहन संसदीय ज्ञान, अटल नैतिकता, लोकतंत्र के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता प्रत्येक सांसद और नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

अंत में उन्होंने कामना व्यक्त की कि ओम बिरला के नेतृत्व में लोकसभा लोकतांत्रिक मूल्यों, विधायी गुणवत्ता और संस्थागत विश्वसनीयता की नई ऊंचाइयों को निरंतर छूती रहे और भारतीय लोकतंत्र और अधिक सुदृढ़ बने।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *