राज्यसभा में समाजवादी पार्टी के सदस्य ने की विश्वविद्यालयों में छात्र संघ के चुनाव नियमित कराने की मांग

नई दिल्ली, 17 मार्च। राज्यसभा में समाजवादी पार्टी के सदस्य जावेद अली खान ने देशभर के विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव नियमित रूप से कराए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति लोकतंत्र की बुनियादी नर्सरी है, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था लगभग समाप्त हो चुकी है।

शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाते हुए खान ने कहा कि छात्र आंदोलनों ने देश के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में हुए “संपूर्ण क्रांति आंदोलन” का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने बड़े राजनीतिक बदलाव की नींव रखी थी।

खान ने कहा कि पहले अधिकांश विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव नियमित रूप से होते थे, जिससे नेतृत्व क्षमता विकसित होती थी। लेकिन आज देश में एक हजार से अधिक विश्वविद्यालय होने के बावजूद केवल 10-15 संस्थानों में ही छात्र संघ चुनाव हो रहे हैं।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि छात्र राजनीति से निकले नेता परिपक्व और जमीनी समझ वाले होते थे, लेकिन अब यह परंपरा कमजोर हो गई है। उनकी जगह राजनीति में बाहुबल, धनबल और पूर्व नौकरशाहों की “लेटरल एंट्री” बढ़ती जा रही है।

समाजवादी पार्टी सांसद ने सरकार से मांग की कि विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव को फिर से नियमित किया जाए, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया जा सके और युवाओं को नेतृत्व का अवसर मिल सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *