नयी दिल्ली, 13 फरवरी (Agency)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि संसद के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान उनका आचरण “अराजक, अलोकतांत्रिक और राजनीतिक रूप से असभ्य” रहा।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि गांधी के इशारे पर कांग्रेस सदस्यों ने जिस प्रकार व्यवहार किया, उससे स्पष्ट है कि वे सदन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, गरिमा, संवैधानिक मर्यादा और नियमों में विश्वास नहीं करते।
प्रसाद ने कहा, “वह (राहुल गांधी) वही करेंगे जो उन्हें पसंद है। यह चिंता का विषय है कि उनका पूरा आचरण अब अराजक होता जा रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी की राजनीतिक कार्यशैली अराजकता का रूप ले चुकी है और वे संसदीय मानदंडों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान नहीं दिखा रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “भाजपा राहुल गांधी के इस बड़े पैमाने पर अराजक, अलोकतांत्रिक और राजनीतिक रूप से असभ्य व्यवहार की कड़ी निंदा करती है।” उन्होंने यह भी कहा कि गांधी अपनी योग्यता या प्रतिभा से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नहीं बने हैं और इस पद की गरिमा के अनुरूप आचरण सीखना चाहिए।
संसद में शुक्रवार को बजट सत्र का पहला चरण संपन्न हो गया तथा लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें नौ मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गईं। सत्र के दौरान भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई।
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था।
