कांग्रेस में गुटबाजी पर राहुल गांधी सख्त, कहा— टीम भावना से काम करें वरना ‘रिजर्व’ में बैठना होगा

बरनाला में आयोजित किसान महाचौपाल को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी में टीम भावना से काम करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता टीम का हिस्सा बनकर काम नहीं कर सकता, तो उसे ‘रिजर्व’ में बैठा दिया जाएगा।

राहुल गांधी का यह बयान पंजाब कांग्रेस में समय-समय पर सामने आए आंतरिक मतभेदों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी नेता कितना ही बड़ा क्यों न हो, वह पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता। टीम वर्क की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि एक अकेला खिलाड़ी मैच नहीं जीत सकता और संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उल्लेख करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि सभी नेता संगठन की एकजुटता को प्राथमिकता दें। राहुल गांधी ने कहा, “टीम के खिलाड़ी बनो, नहीं तो रिजर्व खिलाड़ी के रूप में बैठा दिए जाओगे। पार्टी अनुशासन और एकजुटता से ही सफलता मिलती है।”

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और सभी निर्णय उन्हें साथ लेकर ही लिए जाएंगे। उन्होंने पंजाब को कांग्रेस की ताकत बताते हुए कहा कि राज्य के लोग, किसान और युवा देश की नींव हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर जनता का विश्वास होता है और कांग्रेस का उद्देश्य पंजाब को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने पंजाब के लोगों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की ऊर्जा और सामर्थ्य पूरे देश को प्रेरित करती है।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को मजबूत कर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रही है। राहुल गांधी के इस संदेश को पार्टी अनुशासन और एकजुटता पर जोर देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *