राहुल गांधी नियमों का उल्लंघन कर नहीं बोल सकते, कांग्रेस सांसद उन्हें समझाएं: रीजीजू

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (RNN)। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कांग्रेस के कई सांसदों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह समझाने के लिए कहा है कि सदन में नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए बोलने पर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया जा सकता है।

रीजीजू ने यह टिप्पणी एक दिन बाद की, जब उन्होंने राहुल गांधी पर सदन को “गुमराह” करने और “बेबुनियाद बयान” देने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की घोषणा की थी।

संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में रीजीजू ने कहा, “मैंने कांग्रेस के कई सांसदों से कहा है कि वे राहुल गांधी को थोड़ा समझाएं कि नियमों को दरकिनार कर बोलने पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया जा सकता है। हो सकता है उन्हें लोकसभा के नियमों की पूरी जानकारी न हो।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई सांसद “शिक्षित और परिपक्व” हैं तथा वे नियमों के अनुसार काम करते हैं। “इन लोगों को राहुल गांधी को समझाना चाहिए। राहुल गांधी ने कई नियमों का उल्लंघन किया है। हम नियमों का पालन करते हैं, उनका उल्लंघन नहीं करते,” उन्होंने कहा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को बजट पर चर्चा के दौरान अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि सरकार “झुक गई है” और उसे इस पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया था कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका के हाथों में सौंप दी गई है और किसानों के हितों से समझौता किया गया है।

राहुल गांधी के भाषण के तुरंत बाद रीजीजू ने उनकी टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें “असत्य से भरा” करार दिया था। उन्होंने कहा था कि सत्तारूढ़ गठबंधन नेता प्रतिपक्ष द्वारा किए गए “असत्य” दावों को सदन की कार्यवाही से हटाने का अनुरोध करेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *