संसद में गूंजे जनहित के मुद्दे: ऑनलाइन व्यापार पर नियंत्रण और शिक्षामित्रों के वेतन वृद्धि की मांग

नयी दिल्ली, UNS । लोकसभा में शुक्रवार को विभिन्न दलों के सांसदों ने जनहित से जुड़े कई मुद्दे उठाते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने ऑनलाइन कारोबार पर अंकुश लगाने तथा छोटे और मझौले व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए नियम बनाने की मांग की।

शून्य काल के दौरान उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से छोटे दुकानदारों और मझौले व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सरकार को इस क्षेत्र में स्पष्ट नियम बनाकर पारंपरिक व्यापारियों को संरक्षण देना चाहिए।

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने उत्तर प्रदेश में शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 40 हजार रुपये करने की मांग की। वहीं सपा के वीरेन्द्र सिंह ने किसानों के घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट और प्रीपेड बिजली मीटर से बढ़े हुए बिलों की समस्या उठाते हुए सरकार से राहत देने की अपील की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशिकांत दुबे ने मुस्लिम और ईसाई समुदाय से विवाह करने वाली आदिवासी युवतियों का अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा समाप्त करने की मांग की। भाजपा के ही चन्दूभाई छगनभाई शिहोरा ने गुजरात के सुरेन्द्रनगर क्षेत्र के नमक किसानों को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने और उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

सपा के आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश में शहीदों और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले ने वर्ष 2027 की जनगणना के प्रारूप में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को शामिल करने की मांग रखी।

आम आदमी पार्टी (आप) के मालविंदर कंग ने तलाक और पारिवारिक हिंसा की बढ़ती घटनाओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए विवाह प्रमाण पत्र जारी करते समय वर का डोप और चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य करने का सुझाव दिया।

राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के डॉ. राज कुमार सांगवान ने उत्तर प्रदेश के बागपत में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) की स्थापना की मांग की, जबकि कांग्रेस के इमरान मसूद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने का मुद्दा उठाया।

सपा की इकरा चौधरी ने निजी स्कूलों द्वारा प्रवेश के समय निजी प्रकाशकों की पुस्तकें और यूनिफॉर्म किसी खास दुकानदार से ही खरीदने की अनिवार्यता पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और महिला शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की मांग भी रखी।

निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने पंजाब में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि बेरोजगारी इसका बड़ा कारण है। उन्होंने सरकार से नशे की समस्या खत्म करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब सीट से सांसद अमृतपाल सिंह को लोकसभा की कार्यवाही में शामिल कराने के लिए रिहा करने की मांग भी की।

सपा के जितेन्द्र कुमार दोहरे ने संसद परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, किसानों को मिलने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने तथा आलू किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *