साप्ताहिक समीक्षा में जनसुनवाई, युवा योजना और सोलर मिशन पर सख्त निर्देश

लखनऊ, 18 फरवरी 2026। लखनऊ में प्रदेश के मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर जनसुनवाई, सीएम युवा योजना, लखपति दीदी कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी कार्यालयों में प्राप्त सभी शिकायतें अनिवार्य रूप से जनसुनवाई पोर्टल पर अपलोड की जाएं तथा शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो, ताकि नागरिकों को उच्च स्तर तक न जाना पड़े। जिन 10 जनपदों—चित्रकूट, ललितपुर, महाराजगंज, बस्ती, जौनपुर, बांदा, बरेली, शाहजहांपुर, प्रतापगढ़ और जालौन—में सर्वाधिक शिकायतें “स्पेशल क्लोज” की गई हैं, उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि केवल पात्र मामलों को ही इस श्रेणी में बंद किया जाए और अनियमितता पर कार्रवाई की जाए।

सीएम युवा योजना की समीक्षा में बताया गया कि 1.5 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 35,000 आवेदन शेष हैं। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विभागीय अधिकारियों और बैंकों के साथ समन्वय कर 30 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। 20 फरवरी को सभी जनपदों में वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए गए।

लखपति दीदी कार्यक्रम के तहत जिला और ब्लॉक स्तर की समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने तथा डिजिटल आजीविका रजिस्टर में आय संबंधी डेटा समय से और शुद्धता के साथ दर्ज करने पर बल दिया गया।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए बताया गया कि फरवरी के पहले 15 दिनों में 4.75 लाख से अधिक कार्ड बनाए गए हैं। सभी निष्क्रिय यूजर्स को सक्रिय कर प्रत्येक आईडी से प्रतिदिन कम से कम एक कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया गया।

पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,000 सोलर इंस्टॉलेशन हो रहे हैं। मुख्य सचिव ने सरकारी भवनों, कार्यालयों और आवासों को सोलराइज करने तथा स्थापना की गति बढ़ाकर प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में संजय प्रसाद, एल. वेंकटेश्वर लू, एम.के.एस. सुंदरम, प्रांजल यादव और सूर्यपाल गंगवार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *