उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, विकास और सुशासन के प्रयासों की सराहना

देहरादून, 23 मार्च, RNN। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार को चार वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ऊर्जावान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और समृद्ध परंपराओं की भूमि रही है, जो देश को विशिष्ट पहचान देती है।

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना से राज्य में रेल संपर्क मजबूत हो रहा है। प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहन देने के प्रयासों की भी सराहना की।

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप को प्रोत्साहन तथा डिजिटल और हरित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होगी तथा आने वाले वर्षों में राज्य विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

प्रधानमंत्री के बधाई संदेश पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेशवासियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक संकल्प के साथ जनसेवा, पारदर्शिता और समावेशी विकास के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत—2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *