शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में आगामी होली और बसंत उत्सव को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने पुलिस कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार करने, प्रमुख स्थानों पर फ्लैग मार्च आयोजित करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डायल 112, कंट्रोल रूम और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय एवं सतर्क रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी का परिचय दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
