पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की हाईलेवल बैठक, जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 7, लोक कल्याण मार्ग पर कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक की। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच देश में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति, कीमतों की स्थिरता और विभिन्न मंत्रालयों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

यह इस मुद्दे पर हाल के दिनों में दूसरी विशेष बैठक थी, जिसमें सरकार की रणनीति को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कीमतों पर नियंत्रण और जमाखोरी पर सख्ती
बैठक में प्रधानमंत्री ने आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आम लोगों पर वैश्विक संकट का असर न पड़े। उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

ऊर्जा आपूर्ति पर विशेष फोकस
सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों, खासकर एलपीजी और एलएनजी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए वैकल्पिक स्रोतों से आयात बढ़ाने के कदम उठाए हैं। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की कीमतें फिलहाल स्थिर रखी गई हैं। साथ ही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन बढ़ाने की दिशा में भी काम जारी है।

गर्मियों में बिजली की कमी से बचने के लिए गैस आधारित बिजली संयंत्रों को छूट दी गई है और थर्मल पावर स्टेशनों तक कोयले की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है।

खाद और कृषि क्षेत्र पर भी नजर
कृषि क्षेत्र में उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए यूरिया उत्पादन जारी रखा गया है, जबकि डीएपी और एनपीके खाद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय किया जा रहा है। राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त नजर रखें।

कीमतों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम
सरकार ने बताया कि पिछले एक महीने में खाद्य पदार्थों की कीमतें स्थिर रही हैं। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और राज्यों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। सब्जियों, फलों और अन्य कृषि उत्पादों की कीमतों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

अफवाहों पर रोक लगाने के निर्देश
नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोगों तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाना जरूरी है, ताकि अफवाहों को रोका जा सके। उन्होंने सभी विभागों को प्रभावित क्षेत्रों और नागरिकों की समस्याओं को कम करने के लिए हर संभव कदम उठाने को कहा।

उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हुए मंत्री
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल भी बैठक में शामिल हुए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *