दिल्ली की जनता भाजपा को वोट देकर ठगा महसूस कर रही : केजरीवाल

नई दिल्ली, 26 मार्च (UNS)। आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे वोट देकर राजधानी के लोग खुद को ‘‘ठगा’’ हुआ महसूस कर रहे हैं।

राजेंद्र नगर के एक निवासी द्वारा पानी की समस्या उठाए जाने के बाद केजरीवाल ने यह टिप्पणी की। निवासी का दावा है कि पिछले चार दिनों से उनके इलाके में पानी की आपूर्ति बाधित है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी शासन के मोर्चे पर नाकाम रही है और जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आलोचना करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्लीवासी भाजपा को वोट देने के बाद ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उनके खिलाफ हमले कर सत्ता में आई है और अब भी वही रवैया जारी रखे हुए है। वह दिल्ली के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह द्वारा साझा किए गए एक वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास रहे बंगले का एक वीडियो ‘धुरंधर 3’ शीर्षक से सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें ‘‘दिल्ली का रहमान डकैत’’ बताया। सत्तारूढ़ भाजपा, मुख्यमंत्री रहने के दौरान केजरीवाल के आधिकारिक आवास को लंबे समय से ‘शीशमहल’ कहती रही है।

हालांकि, इस बयान पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *