कितना भी करो हमला, फिर से जीतेगा बंगाल: ममता बनर्जी का नया नारा, भाजपा को बताया विनाश पार्टी

जलपाईगुड़ी, 25 मार्च (यूएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भाजपा पर तीखा हमला करते हुए नया चुनावी नारा दिया— “आप चाहे कितना भी करो हमला, फिर से जीतेगा बंगाल।” उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्रभावित किया जा रहा है।

जलपाईगुड़ी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि असली मतदाताओं के नाम वोटर सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे पहचान और नागरिकता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “इतने दिन इसी मिट्टी पर रहने के बाद आप हमें विदेशी नागरिक कह रहे हैं। पहले आप प्रमाणित करें कि आप इस देश के नागरिक हैं या नहीं, उसके बाद किसी दूसरे व्यक्ति को चुनौती दें।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल राज्य को कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को विभाजित करने की योजनाएं बनाई जा रही हैं और उसे बिहार में मिलाने की बात कही जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने उत्तरी बंगाल के बंटवारे को रोक दिया है और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया है।

सभा के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि आगामी मतगणना को लेकर जनता को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने नारा देते हुए कहा, “1, 2, 3, 4, हारेगी भाजपा।”

मुख्यमंत्री ने पेट्रोल की कीमतों और महंगाई के मुद्दे को लेकर भी भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। “फिर से पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं और रोजमर्रा के सामान महंगे हो रहे हैं। मेरे हाथ में सिर्फ एक चीज है, और वो हैं राज्य के लोग,” उन्होंने कहा।

अपने संबोधन के अंत में ममता बनर्जी ने भाजपा को “विनाश पार्टी” बताते हुए जनता से एकजुट होकर राज्य के हितों की रक्षा करने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *