उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कमी की खबरों से हलचल, अधिकारियों ने कहा- कहीं कोई कमी नहीं

लखनऊ/वाराणसी/सुल्तानपुर (उप्र), 14 मार्च । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित कमी के कारण प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मंदिर में प्रसाद वितरण का कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि अधिकारियों ने राज्य में गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा करते हुए जमाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर गिरी महाराज ने बताया कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण मंदिर के अन्न क्षेत्र में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण पर संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले गैस एजेंसियां एक-दो सिलेंडर उपलब्ध करा देती थीं, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से वह भी बंद हो गया है।

उन्होंने बताया कि मंदिर के दो यूनिट में से एक यूनिट शनिवार सुबह से बंद है, जबकि दूसरी यूनिट भी बंद होने की कगार पर है, जिसके कारण श्रद्धालुओं को प्रसाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

महंत ने कहा कि प्रतिदिन लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रसाद दिया जाता था, लेकिन शनिवार को केवल करीब तीन हजार लोगों के लिए ही व्यवस्था हो पाई। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सिलेंडर उपलब्ध नहीं हुए तो आने वाले दिनों में प्रसाद वितरण की व्यवस्था जारी रखना मुश्किल हो जाएगा।

इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रवींद्र जायसवाल और वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शहर में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और मंदिर को जल्द ही सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर प्रबंधन ने शुक्रवार को हुई बैठक में इस मुद्दे को नहीं उठाया था। जिलाधिकारी ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है।

मंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि एलपीजी की कमी की अफवाहों के कारण लोगों ने घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर खरीदकर जमा कर लिए हैं, जिससे आपूर्ति में अस्थायी समस्या पैदा हो गई है।

उधर, सुल्तानपुर जिले के गोसैसिंहपुर क्षेत्र में स्थित आकांक्षा गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने छापेमारी की।

जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एजेंसी संचालक के घर छापा मारकर भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

छापेमारी के दौरान छह भरे हुए बड़े गैस सिलेंडर, दो भरे हुए छोटे सिलेंडर और 36 खाली सिलेंडर बरामद हुए। कुल 44 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

आपूर्ति निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से मनीष कुमार को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि इन सिलेंडरों की अवैध रूप से कालाबाजारी की जा रही थी।

वहीं बुलंदशहर जिले में प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक गैस एजेंसी से लगभग एक हजार व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिले हैं, जिनमें से केवल 14 सिलेंडर भरे हुए थे जबकि बाकी खाली पाए गए।

छापेमारी के दौरान रिफिलिंग के 32 उपकरण और एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करने वाले तीन पाइप भी बरामद किए गए।

शनिवार को खुर्जा की उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा पांडेय और जिला आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने खुर्जा देहात क्षेत्र के अगोरा अमीरपुर में एक गैस एजेंसी पर छापा मारा।

प्रतीक्षा पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *